प्रसूता की मौत के बाद कृष्णा नर्सिंगहोम में तोड़फोड़ व रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी सपा विधायक के बेटे विक्रांत अकेला को क्लीन चिट दिए जाने से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन में उबाल आ गया है।
चिकित्सकों ने एसपी कार्यालय का घेराव किया और पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया। चिकित्सकों ने नर्सिंगहोम संचालक पर दर्ज कराए गए मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
साथ ही आईएमए ने बेमियादी हड़ताल भी शुरू कर दी है। इससे निजी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं। सीओ सदर एसपी सिंह ने सोमवार को बताया कि साक्ष्य न मिलने के कारण मुकदमे से विक्रांत के नाम को बाहर किया जा रहा है।
एक आरोपी को गिरफ्तार किए जाने और अन्य कइयों की शिनाख्त किए जाने का दावा भी सीओ सिटी ने किया। इस पर आईएमए के चिकित्सकों का गुस्सा भड़क गया।
ये था मामला
शहर के जेल रोड स्थित कृष्णा नर्सिंगहोम में एक प्रसूता की मौत के बाद शुक्रवार को सपा विधायक के बेटे ने अपने साथियों के साथ जमकर उत्पात मचाया था।
उसने हॉस्पिटल पर पथराव कर न सिर्फ तोड़फोड़ की बल्कि कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। इससे मौके पर दहशत का माहौल बन गया। रोगी व तीमारदार इधर-उधर भागने लगे।
नर्सिंगहोम संचालक का आरोप है कि बछरावां से सपा विधायक रामलाल अकेला के बेटे ने उनसे फोन पर चार लाख रुपये मांगे था। इन्कार करने पर वारदात को अंजाम दिया।