फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहर में मिला शव, सीमा विवाद में आपस में ही भिड़ गई बाराबंकी-सीतापुर पुलिस

Sat, 14 Oct 2017 10:35 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सीतापुर/बाराबंकी
विज्ञापन
घटनास्‍थल पर मौजूद पुलिसकर्मी। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
अटरिया में नहर में एक युवक के शव को लेकर शनिवार को बाराबंकी व सीतापुर जिले की पुलिस आपस में भिड़ गई। शव को एक-दूसरे जिले की सीमा में बताने की बात पर दोनों जिलों के सिपाही की धक्कामुक्की होने लगी। करीब डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा। शोर सुनकर गांव के लोग भी पहुंच गए। इस मामले में सीतापुर के एक प्रधान ने घुंघटेर थाने के दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ अटरिया थाने में तहरीर दी है।
विज्ञापन


वहीं बाराबंकी पुलिस का तर्क है कि जहां शव मिला वह स्थान सीतापुर में था लेकिन वहां की पुलिस शव नहर में आगे धकेल कर बाराबंकी की तरफ कर रही थी जिसका वीडियो बनाने पर बाराबंकी पुलिस के दीवान व एक ग्रामीण से सीतापुर पुलिस के सिपाहियों ने मारपीट की व मोबाइल लेकर वीडियो भी डिलीट करा दिया। बाराबंकी एएसपी ने सीतापुर एसपी से वहां के पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिकायत करने की बात कही है।

अटरिया के ग्राम कठवा के करीब से खीरी ब्रांच नहर निकली है। शनिवार को पुल के करीब एक व्यक्ति का शव उतराता दिखा। गांव के लोग अटरिया थाने की पुलिस को सूचना देते, इससे पहले बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। दो सिपाहियों ने शव को रजबहे से निकालकर बाहर रख दिया और चलते बने। यह खबर मिलते ही अटरिया थाने का पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंच गया।
विज्ञापन


उस दौरान कुछ ही दूरी पर घुंघटेर थाने की फोर्स खड़ी थी। ग्रामीणों की माने तो घुंघटेर थाने के सिपाही निगरानी कर रहे थे कि कहीं अटरिया थाने की पुलिस शव को फिर से रजबहे में न डाल दे। बाराबंकी पुलिस टीम को देखते ही अटरिया थाने की पुलिस विरोध जताने लगी। अटरिया पुलिस का कहना था कि जब शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना था, तो शव को बाहर क्यों निकाला गया। तकरार इस कदर बढ़ी कि गाली-गलौज के बाद नौबत धक्कामुक्की तक आ गई।

आपस में झगड़ने लगे दोनों जिलों के सिपाही

- फोटो : amar ujala
दोनों जिलों के सिपाही आपस में झड़पने लगे, जिसमें अटरिया के उपनिरीक्षक राजबहादुर के कपड़े फट गए और मुनेश कुमार को चोट आ गई। खबर पाते ही सीओ सिधौली उदय प्रताप सिंह, अटरिया थानाध्यक्ष ओपी राय व घुंघटेर के थानाध्यक्ष व सीओ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने बात कर किसी तरह विवाद सुलझाया। जिसके बाद शव को अटरिया थाने की पुलिस ने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बताते हैं कि बाराबंकी पुलिस कर्मियों के मामले का वीडियो बनाते ही अटरिया के सिपाही मारपीट पर आमादा हो गए। हालांकि मारपीट की बात को सीतापुर के पुलिस अधिकारी नकार रहे हैं। मामले में अटरिया के ग्राम कठवा के प्रधान नंद किशोर ने घुंघटेर थाने के सिपाही सभाजीत कुमार व शिव प्रकाश के खिलाफ अटरिया थाने में तहरीर दी है। जिसमें यह कहा गया है, कि इन्हीं दोनों सिपाहियों ने शव को रजबहे से बाहर निकाला और विवाद किया।

थानाध्यक्ष ओपी राय ने बताया कि तहरीर को सीओ के हवाले कर दिया गया है। उधर, सीओ उदय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर को एसपी के पास भेजा जा रहा है। एसपी के निर्देश के उपरांत कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। कुछ हो न हो, लेकिन दो जिलों की पुलिस के बीच सीमा विवाद की तकरार से पुलिस की जरूर फजीहत हुई।
विज्ञापन

मामले पर ये कहते हैं बाराबंकी के एएसपी

- फोटो : amar ujala
मामले पर बाराबंकी के एएसपी उत्तरी दिगंबर कुशवाहा का कहना है कि सीतापुर के अटरिया थाना क्षेत्र में एक अज्ञात शव नहर में मिला था जिसे बाराबंकी की सीमा में किया जा रहा था। इसका विरोध करने पर अटरिया थाने की पुलिस ने घुंघटेर के पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की है। इस मामले में अटरिया थाने के पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी सीतापुर को पत्र भेजा जाएगा।

नहीं हो सकी शिनाख्त
कठवा पुल के निकट नहर में मिले शव को लेकर क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि युवक आसपास क्षेत्र का निवासी नहीं है। यही वजह है कि उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही है। क्षेत्र के नागरिकों ने संदेह जताया है कि अज्ञात बदमाशों ने हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंक दिया। थानाध्यक्ष ओपी राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें