फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीतापुर: कम्बल वितरण के दौरान भिड़े भाजपा सांसद व विधायक, समर्थकों में चले लात-घूंसे

Sun, 14 Jan 2018 02:04 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीतापुर
विज्ञापन
हंगामे का एक दृश्य। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

सीतापुर के महोली कस्बे में कंबल वितरण कार्यक्रम में उस वक्त दंगल हो गया, जब धौरहरा सांसद व महोली विधायक आपस में भिड़ गए। विवाद कंबल वितरण का स्थान बदलने को लेकर हुआ। पहले सांसद व विधायक में जमकर तकरार हुई। बाद में दोनों जनप्रतिनिधियों के समर्थक आपस में भिड़ गए।

विज्ञापन


कार्यक्रम स्थल पर जमकर लात-घूंसे और कुर्सियां चलीं। डीएम, एसपी व भाजपा जिलाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। देर शाम तक दोनों के मध्य चली समझौता वार्ता में जिलाध्यक्ष व प्रशासन के अधिकारियों ने सुलह कराई। महोली तहसील के मीटिंग हाल में शनिवार को कंबल वितरण कार्यक्रम में धौरहरा भाजपा सांसद रेखा वर्मा कंबल बांट रहीं थीं।

इसी बीच महोली के भाजपा विधायक शशांक त्रिवेदी वहां पहुंच गए। विधायक ने वहां मौजूद प्रशासनिक अमले से कंबल मीटिंग हॉल के बाहर लगे पंडाल में बांटने को कहा। इतनी सी बात पर ही सांसद व विधायक में तकरार होने लगी।
विज्ञापन


सांसद ने वहां मौजूद एसडीएम ब्रजपाल सिंह को फटकार लगाई, तो विधायक ने हस्तक्षेप कर दिया। इससे तकरार बढ़ती चली गई और जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगने लगे। यह देखते ही वहां मौजूद दोनों जनप्रतिनिधियों के समर्थक भड़क गए और आपस में मारपीट करने लगे।

कार्यक्रम स्थल पर समर्थकों में जमकर लात-घूंसे और कुर्सियां चलीं। मामला सांसद व विधायक के समर्थकों के बीच का था, इसलिए वहां मौजूद प्रशासनिक अमला मूकदर्शक बनकर रह गया। ग्रामीण हक्के-बक्के होकर वहां से निकल भागे।

डीएम डॉ. सारिका मोहन, एसपी आनंद कुलकर्णी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता ने सांसद व विधायक के साथ एसडीएम कार्यालय में बैठक की। एक घंटे बाद जब कार्यालय का दरवाजा खुला, तब तक मामला सुलझ चुका था।

कार्यालय के बाहर दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि उनका आपस में कोई विवाद नहीं है। प्रशासन द्वारा किए गए इंतजाम से अव्यवस्थाएं हुई हैं। हालांकि तकरार के चलते बहुत से ग्रामीण बगैर कंबल लिए ही घर चले गए।

विज्ञापन

जूती निकालने के आरोप पर बोलीं सांसद

विवाद के बाद तहसील परिसर में लगी भीड़। - फोटो : amar ujala
कार्यक्रम के दौरान सांसद और विधायक के बीच हुए विवाद में सांसद द्वारा जूती निकालकर विधायक को दिखाने का आरोप लगा। इस पर सांसद रेखा वर्मा ने कहा कि यह आरोप गलत है, धक्कामुक्की की वजह से जूती पैर से निकल गई थी।

उस जूती को हाथ में उठाकर दूसरे स्थान पर जाकर जूती पहनी है। वहीं विधायक शशांक त्रिवेदी ने भी जूती दिखाने की बात को गलत बताया। उन्होंने कहा कि धक्कामुक्की की वजह से ही जूती निकल गई थी।

घायलों का पता नहीं
कंबल वितरण के दौरान सांसद व विधायक के समर्थकों के बीच हुई मारपीट में कई लोगों के चोटिल होने की खबर है। जिसमें सांसद रेखा वर्मा के पुत्र अविनाश वर्मा को भी चोट लगने की बात कही जा रही है।

हालांकि इस पूरे विवाद के बाद कोई चोटिल मीडिया के सामने पड़ने से कतराता रहा। वहीं सांसद व विधायक तथा प्रशासन व पुलिस के अधिकारी भी इस विवाद में किसी के भी चोटिल न होने की बात कह रहे थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें