फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होटल में हुई चार मौतों का सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, परिवारीजनों की पुलिसकर्मियों से हाथापाई

Sat, 13 Jan 2018 10:27 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
मामले की जांच करती पुलिस। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लखनऊ के विभूति खंड इलाके में होटल रंजीस के द्वितीय बेसमेंट स्थित एसी प्लांट के केबिन में शुक्रवार देर रात चार कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई। होटल का काम निपटाकर चारों युवक देर रात केबिन में अलाव जलाकर दरवाजा बंद करके सोए थे। पुलिस व फायरब्रिगेड की टीम ने पड़ताल कर चारों शव लोहिया अस्पताल भेजे।

विज्ञापन


आक्रोशित परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मालिक-मैनेजर के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज करके पड़ताल शुरू की है। होटल प्रबंधन से आर्थिक मदद दिलाने के साथ श्रम विभाग की तरफ से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

एसओ विभूति खंड सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि विक्रांत खंड में शहीद पथ के किनारे स्थित होटल रंजीस में टेक्नीशियन का काम देखने वाला निहाल, एसी मैकेनिक मो. सईद (24), पेंटर रामनरेश (31) और इलैक्ट्रीशियन रामकुमार (38) शुक्रवार रात 2:30 बजे तक काम करने के बाद द्वितीय बेसमेंट में स्थित एसी प्लांट के केबिन में सोने गए थे।
विज्ञापन


कड़ाके की ठंड के चलते तसले में अलाव जलाकर केबिन में रखा और दरवाजा बंद कर लिया था। होटल कर्मचारी सुरेंद्र कुमार ने शनिवार सुबह सात बजे केबिन का दरवाजा खोकर आवाज दी और जगाने के इरादे से उन्हें हिलाया। निहाल के मुंह से खून रिसता देख होटल की एचआर हेड पूनम वर्मा को कॉल की।

उन्होंने होटल मालिक रंजीत सिंह, पुलिस कंट्रोल रूम व फायर स्टेशन को फोन किया। एएसपी सिटी उत्तरी अनुराग वत्स, सीओ गोमतीनगर दीपक सिंह व सीएफओ अभयभान पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दम घुटने का मामला नजर आने पर चारों शव लोहिया अस्पताल भेजने के साथ छानबीन कर केबिन सील कर दिया।

होटल मालिक व प्रबंधन पर लगा आरोप

- फोटो : amar ujala
एसओ ने बताया कि चारों के परिवारीजनों ने होटल मालिक व प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इंदिरानगर के गांव चांदन निवासी निहाल के भाई मो. नियाज की तहरीर पर होटल मालिक रंजीत सिंह व मैनेजर के खिलाफ हत्या और साक्ष्य  मिटाने का केस दर्ज किया गया है।

इसी तरह विकासनगर के सेक्टर-12 विनायकपुरम झोपड़पट्टी निवासी रामनरेश के भाई राजेंद्र, गोमतीनगर के विशाल खंड-4 स्थित दारुल उलूम वारसिया मदरसा निवासी मो. सईद के पिता अब्दुल रशीद व गाजीपुर थाने के इस्माइलगंज निवासी रामकुमार के परिवारीजन ने हत्या व साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तीनों की शिकायत को मो. नियाज द्वारा दर्ज कराए मुकदमे में शामिल करके तफ्तीश की जा रही है।

शव अस्पताल पहुंचाने के बाद घरवालों को दी खबर
हादसे की खबर पर परिवारीजन आननफानन में लोहिया अस्पताल पहुंचे। एंबुलेंस में चारों के शव देखकर भड़क उठे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। पुलिसकर्मियों से हाथापाई के साथ तोड़फोड़ की तो एसओ ने अतिरिक्त फोर्स की मांग की। आसपास के थानों की पुलिस व पीएसी मौके पर पहुंची।

मो. नियाज ने कहा कि भाई मो. निहाल होटल में रात नौ से सुबह छह बजे की ड्यूटी करता था। उसके घर न लौटने पर होटल फोन किया। टालमटोल के बाद बताया गया कि निहाल लोहिया अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल में एंबुलेंस में उसका शव मिला। इसी तरह अन्य तीनों युवकों के परिवारीजनों को अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी गई थी।

होटल मालिक-मैनेजर के खिलाफ रोष

- फोटो : amar ujala
शवों के पास बिलख रहे परिवारीजनों को पता चला कि होटल के कर्मचारी दिलीप सिंह ने चारों को अस्पताल पहुंचाया और शव छोड़कर भाग निकला। होटल मालिक, मैनेजर व अन्य अधिकारी के अस्पताल न पहुंचने से भड़के परिवारीजनों ने उनकी गिरफ्तारी की मांग के साथ हंगामा शुरू किया। पुलिसकर्मियों से तीखी झड़प व हाथापाई हुई। मौके पर पहुंचे एसीएम से भी परिवारीजनों की नोकझोंक हुई।

सख्ती पर एक-एक लाख की मदद
एसओ ने बताया कि सख्त हिदायत पर होटल मालिक व प्रबंधक ने चारों कर्मचारियों के परिवारीजनों को 50-50 हजार रुपये की नकद सहायता के साथ 50-50 हजार रुपये के चेक दिए। इसके साथ श्रम विभाग के अधिकारियों ने मृतक आश्रितों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर परिवारीजनों को शांत कराया।
विज्ञापन

सीसीटीवी फुटेज से सुलझी गुत्थी

एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने होटल के द्वितीय बेसमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। पता चला कि रात 2:30 बजे के बाद तीन युवक एसी प्लांट के केबिन में गए थे, जबकि पहले से ही केबिन में मौजूद निहाल ने बाहर निकलकर अलाव जलाया और 2:55 बजे अलाव लेकर केबिन में दाखिल हुआ। उसने 3:10 बजे दरवाजा बंद कर लिया था।

दम घुटने से मौत की पुष्टि
चारों कर्मचारियों के पोस्टमार्टम में डॉक्टरों ने दम घुटने से मौत की पुष्टि के साथ चारों के दिल, विसरा, फेफड़ा व खून का नमूना परीक्षण के लिए सुरक्षित किया है। एसओ ने कहा कि विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें