नए साल में सिविल अस्पताल थोड़ा और एडवांस हो जाएगा। मंगलवार को जहां अस्पताल को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की फ्लीट में चलने वाली फोर्ड एंडेवर एंबुलेंस मिली है वहीं नए साल शुरू होते ही यहां डिजिटल एक्स-रे मशीन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी के पहले सप्ताह से अस्पताल में ऑडियोमेट्री टेस्ट की भी सुविधा मिलने लगेगी।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल को मायावती की फ्लीट में चलने वाली स्पेशल एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस मिल चुकी है। नई फोर्ड एंबुलेंस में हृदय रोगियों के लिए डिफेबिलेटर, ऑक्सीजन सिस्टम, ईसीजी मशीन, सक्शन मशीन, स्पाइनल कॉलर, फोल्डेबल व्हीलचेयर, डिजिटल बीपी मशीन, पल्स ऑक्सीजन मीटर और स्कूप स्ट्रेचर की सुविधा है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इस एंबुलेंस का इस्तेमाल हृदय रोगियों और अन्य गभीर रोगियों के लिए किया जाएगा जिनको इमरजेंसी में बेसिक वेंटिलेटर सपोर्ट की जरूरत होती है। अस्पताल के एक डॉक्टर बताते हैं कि इमरजेंसी में किसी मरीज को क्रिटिकल कंडिशन में ट्रॉमा या पीजीआई रेफर करना होता था तो वहां से स्पेशल एंबुलेंस मंगानी पड़ती थी।
स्पेशल स्टॉफ की हुई तैनाती
अस्पताल को एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस मिलने के बाद इस तरह की परेशानी नहीं होगी। एंबुलेंस में स्पेशल स्टाफ के तौर पर एक विशेषज्ञ चिकित्सक, स्टाफ नर्स और एक वार्ड ब्वॉय की भी तैनाती की गई है।
अस्पताल को नई एंबुलेंस मिलने के बाद कुल एंबुलेंस की संख्या चार हो गई है। मालूम हो कि एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सिर्फ लोहिया और सिविल अस्पताल में है अन्य अस्पतालों में बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से काम चलाया जा रहा है।
सिविल अस्पताल में ऑडियोमेट्री टेस्ट की सुविधा शुरू होगी। अस्पताल में ऑडियोमेट्री टेस्ट के लिए ऑडियोलॉजिस्ट मिल गया है। ऑडियोलॉजिस्ट मिलने के बाद अस्पताल की खराब पड़ी मशीन को ठीक कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने पत्र लिख दिया है।
मशीन के ठीक होते ही मरीजों के कान की जांच शुरू हो जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी के पहले सप्ताह से अस्पताल में ऑडियोमेट्री टेस्ट की सुविधा मिलने लगेगी।
नए साल में मिलेगी डिजिटल एक्स-रे रिपोर्ट
सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे कहते हैं कि अस्पताल को नई फोर्ड एंडेवर एंबुलेंस मिल चुकी है। एडवांस्ट लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस मिलने के बाद मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। कान की जांच के लिए ऑडियोलॉजिस्ट भी मिल गया है और जल्द ही अस्पताल में ऑडियोमेट्री टेस्ट की सुविधा शुरू हो जाएगी।
सिविल अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने की तैयारी तेज हो गई है। अस्पताल के एक्स-रे कक्ष में लगी पुरानी एक्स-रे मशीन को हटाकर नई मशीन लगाई जाएगी। मशीन लगाने के लिए कंपनी के कुछ सदस्य मंगलवार को एक्स-रे कक्ष का मुआयना किया।
अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगने के बाद रोजाना करीब डेढ़ से दो सौ की संख्या में मरीजों को एक्स-रे की डिजिटल रिपोर्ट मिलेगी। मालूम हो कि बलरामपुर और लोहिया अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन लगाने की तैयारी लगभग पूरी हो गई है।
नए साल में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों डिजिटल एक्स-रे रिपोर्ट मिलेगी। मालूम हो कि निजी पैथोलॉजी में डिजिटल एक्स-रे जांच के लिए कम से कम 450 से 600 रुपये खर्च करने पड़ते हैं।