माता-पिता के साथ शादी में शामिल होने बाइक पर जा रहे पांच साल के मासूम की चाइनीज मांझे से जान चली गई। मांझे से बच्चे की गर्दन की नस कट गई थी।
जानकारी के मुताबिक, देवा थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर निवासी चंदन पत्नी उमा, बेटा कृष्णा (5) और पुत्री नैना (3) को लेकर ससुराल धौरहरा शादी में बाइक से जा रहे थे।
बाइक पर आगे चंदन तथा पीछे पत्नी नैना को गोद में लेकर बैठी थी। शुक्रवार शाम करीब साढे़ पांच बजे जैसे ही जहांगीराबाद बाद पहुंचे तो वहीं पतंग उड़ा रहे लोगों का मांझा बाइक पर आगे बैठे कृष्णा की गर्दन में फंस गया।
जब तक पिता चंदन कुछ समझ पता तब तक पतंग उड़ा रहे लोगों की ओर से चाइनीज मांझा खींचने व बाइक के आगे जाने से कृष्णा के गर्दन की नस कट गई। पतंग उड़ा रहे लोग मौके से भाग निकले।
स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ बेटे को लेकर चंदन जिला अस्पताल पहुंचा जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।