मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने अधिकारियों को आवास एवं नगर विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश को शीर्ष पर रखने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए अभी से तैयारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही नव गठित नगर निकायों के विकास के लिए भी स्मार्ट सिटी के तय मानकों के मुताबिक प्लानिंग पर जोर है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल अर्बन तकनीक का उपयोग कर सभी शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने की कार्ययोजना तैयार करें।
मुख्य सचिव बृहस्पतिवार को लोक भवन में आवास, नगर विकास, नमामि गंगा, पर्यटन और वन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी शहरी निकायों में ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृत करने की व्यवस्था लागू करते हुए तेजी से कार्यवाही हो। अमृत योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित परियोजनाओं का काम मार्च 2023 तक पूरा करने पर जोर देते हुए छावनी क्षेत्र के भी प्रस्तावों ध्यान देने को कहा।
पर्यटन एवं संस्कृति और वन विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए मुख्य सचिव ने अवस्थापना विकास के तहत कराये गए कार्यों के रखरखाव पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन स्थलों का सोशल मीडिया व अन्य साधनों के जरिए प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं, टूर ऑपरेटर्स, होटल एसोसिएशन के साथ विचार-विमर्श करके उनकी समस्याओं पर मंथन किया जाए।
मुख्य सचिव ने सेक्टरवार बैठक करने के साथ ही अन्य प्रदेशों में हो रहे नवाचार के सफल मॉडल का अनुसरण करके उसे यूपी में भी लागू करने केसंबंध में प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्वनेंस में सुधार को लेकर भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।