बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि वर्ष 2019 से 2023 के मध्य 26060 विद्यालयों को शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान नहीं हो पाया।
शिक्षामित्रों की आत्महत्या को लेकर उठा सवाल
सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने मानदेय न बढ़ाए जाने से शिक्षामित्रों के आत्महत्या करने का मुद्दा उठाया। सरकार की ओर से जवाब देते हुए बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने ऐसी किसी जानकारी के होने से इन्कार किया। साथ ही कहा कि वह पहले भी सदन में कह चुके हैं कि शिक्षामित्रों के मानदेय पर विचार के लिए एक कमेटी बना दी गई है। सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि डॉ. मान सिंह आत्महत्या को लेकर जो सूची दे रहे हैं, उसकी जांच कराकर सदन को अवगत करा दिया जाए।
दो माह में हटेगा कन्या पाठशाला की जमीन से अतिक्रमण
विधान परिषद सदस्य ध्रुव त्रिपाठी ने बलिया में कन्या पाठशाला, गड़वार की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला उठाया। नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मामला एसडीएम न्यायालय में लंबित है। दो माह में निस्तारण करवाने का आश्वासन दिया।
पेयजल लाइन के लिए अंधाधुंध ढंग से न काटें सड़कें : सभापति
सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि पेयजल लाइन के लिए गांवों में सड़कों को अंधाधुंध ढंग न काटें। जेसीबी का प्रयोग न करें। कटर से उतना ही हिस्सा काटें, जिसमें लाइन बिछाई जानी है। सपा के शाहनवाज खान के इस संबंध में सवाल उठाए जाने पर सभापति ने यह व्यवस्था दी। सरकार की ओर से पक्ष रखते हुए जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि 10 वर्ष तक अनुरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की ही है। पाइपों की क्वालिटी को लेकर कोई शिकायत आएगी, तो उसकी जांच कराई जाएगी। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गड़बड़ियां मिलीं तो दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।