प्रदेश में गंगा एक्सप्रेस-वे जैसे सभी बड़ी परियोजनाओं पर काम कराया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इन परियोजनाओं पर कार्य प्रारंभ करने की कार्रवाई पर निर्देश दिए।
उन्होंने अपने सरकारी आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक में लॉकडाउन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। सीएम ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे की निर्माण लागत 20,924 करोड़़ रुपये है।
जबकि भूमि अधिग्रहण पर लगभग 9000 करोड़ रुपये का व्यय अनुमानित है। 16 लेन का यह एक्सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज को जोड़ेगा। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का कार्य तेजी से चल रहा है।
इस पर 5535 श्रमिक, 1144 इंजीनियर तथा 3127 बड़ी मशीनें कार्य कर रही हैं। इसी प्रकार बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य में 2348 श्रमिक, 625 इंजीनियर व 2370 बड़ी मशीनें कार्य कर रही हैं।