मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आईजीआरएस और सीएम हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले अफसरों को चेतावनी दी है। उन्होंने आधा दर्जन जिलों के अफसरों को इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए।
सीएम ने समयबद्ध तरीके से शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मोहर्रम और गणेशोत्सव पर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिलों के पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से रूबरू थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन त्योहारों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और अराजक तत्वों को पहले से चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इन त्योहारों पर किसी तरह की नई परंपरा की शुरुआत न होने पाए।
जुलूस के मार्गों को पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहले से देख लें। यदि कहीं कोई विवाद हो तो उसका निस्तारण समय रहते कर लिया जाए। सड़कों पर कोई आयोजन न किया जाए। डीजे बजने को लेकर न्यायालय के निर्देशों का पालन किया जाए। असलहों का प्रदर्शन न होने दिया जाए।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बकरीद के मौके पर कुशीनगर, देवरिया और गोरखपुर समेत कुछ जिलों में छिटपुट घटनाएं हुई थीं। सीएम ने इन जिलों के अफसरों को चौकसी बरतने की खास हिदायत दी।