भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर के लखनऊ आने पर सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मुलाकात की।
- फोटो : अमर उजाला
भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर भी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की अगुआई में गठित ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’ में शामिल होकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इस मुद्दे पर चंद्रशेखर और राजभर के बीच सोमवार को राजधानी में अहम बैठक हुई।
दोनों नेताओं ने प्रदेश व देश की मौजूदा सियासी माहौल के अलावा सीएए और एनआरसी के मुद्दे पर दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे हिंसात्मक आंदोलन, दलित व पिछड़े समाज की उपेक्षा, आरक्षण जैसे मद्दों पर चर्चा की।
सुभासपा अध्यक्ष ने बताया कि मुलाकात में चर्चा हुई कि सभी समान विचारधारा वाले छोटे दलों का मुद्दा, एजेंडा और संकल्प एक है तो साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने में कोई हर्ज नहीं है। राजभर ने बताया कि भीम आर्मी प्रमुख भी भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होकर चुनाव लड़ने को तैयार हैं। इसके लिए जल्द ही वह अपनी नई राजनीतिक पार्टी का गठन करने जा रहे हैं।