इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों समेत प्रश्नपत्रों पर भी सीसीटीवी कैमरों की नजर होगी। प्रश्नपत्रों के पैकेट सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ही खोले जाएंगे।
प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्रों को विशेष रूप से दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही भारी पड़ेगी।
इस बार बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपादित करने में सीसीटीवी कैमरों की भूमिका अहम होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने परीक्षा शुरू होने से पहले सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दे दिए हैं।
बोर्ड की नीति के अनुसार परीक्षा केंद्रों के मेन गेट, गैलरी से लेकर सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। हालांकि फिलहाल जिले के सभी राजकीय व सहायता प्राप्त स्कूलों की ज्यादातर कक्षाओं में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं।