सीएम योगी ने कहा कि प्रयागराज कुंभ मेले में सुरक्षा के बेहद पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उसी तरह बैंक, करेंसी चेस्ट, एटीएम और ग्राहक सेवा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था फुलप्रूफ की जा सकती है। मौजूदा परिवेश में साइबर क्राइम बड़ी चुनौती बन गया है।
प्रदेश में साइबर क्राइम के दो थाने लखनऊ और नोएडा में हैं। रेंज स्तर पर एक-एक साइबर थाना खोले जाने की प्रक्रिया चल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी और बेहतर की जा रही है। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने मुख्यमंत्री को बताया कि बैंकों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सुरक्षा उपकरण लगाने के साथ ही इन्हें वर्किंग कंडीशन में रखा जाना जरूरी है।
बैंक फ्रॉड की ऑनलाइन एफआईआर की व्यवस्था है। फ्रॉड के 24 घंटे के अंदर जानकारी होने पर शीघ्र समाधान संभव हो पाता है। आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक लक्ष्मीकांत राव, मुख्य महाप्रबंधक आरके मोहंती और सेंट्रल सिक्योरिटी सेल के सुरक्षा सलाहकार केपी रघुवंशी ने भी विचार रखे। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव कुमार मित्तल भी मौजूद थे।