लखनऊ। शाइन सिटी कंपनी के खिलाफ 15 लोगों ने 65.39 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। गोमतीनगर पुलिस ने इस मामले में डीसीपी संजीव सुमन के निर्देश पर जालसाज भाइयों व कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम व आसिफ नसीम समेत 18 अधिकारियों पर ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ितों में सेना, पुलिस के जवानों के अलावा वकील भी शामिल हैं।
मूल रूप से गाजीपुर जनपद निवासी सेना में तैनात पवन विश्वकर्मा अमृतसर में तैनात हैं। पवन के मुताबिक, कंपनी ने प्लॉट के नाम पर 11.21 लाख उनसे ठग लिए। पीड़ित ने डीसीपी से शिकायत की। वहीं अन्य पीड़ितों में देवी प्रसाद मिश्रा निवासी अयोध्या, डायल 112 में तैनात आरक्षी नवनीत पांडेय, एटा निवासी बुजुर्ग पुष्पा देवी, कल्याणपुर निवासी मुस्तकीम अहमद, बटलर पैलेस कॉलोनी निवासी सरिता मौर्या, सुल्तानपुर निवासी राकेश कुमार, मध्य प्रदेश के भिंड निवासी वकील रविंद्र सिंह भदौरिया, शाहजहांपुर निवासी धर्मपाल, हरदोई के आजादनगर निवासी नीरज द्विवेदी, मूल रूप से महाराष्ट्र निवासी सेना में तैनात योगेंद्र पाल सिंह हाल निवास फतेहपुर, उनके साथी लाखन सिंह निवासी हमीरपुर, शाहजहांपुर के कटरा निवासी मुकेश कुमार, पीजीआई के गंगाजीपुरम कॉलोनी निवासी मंजू सिंह पत्नी सैन्य कर्मी मानबहादुर सिंह, मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी उत्तम कुमार ने भी तहरीर देकर लाखों रुपये ठगने का आरोप कंपनी पर लगाया है।
सभी पीड़ितों ने डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन से संपर्क किया। जिस पर डीसीपी ने सभी शिकायतों की जांच कराई। इसके बाद गोमीनगर थाने में कंपनी केसीएमडी राशिद नसीम, उसकेभाई आसिफ नसीम, अकरम खान, आदर्श अग्रहरि, उत्तमा अग्रवाल, पोयम गुप्ता, रिजवान अहमद, जेबी कुमार, सुधीर कुमार, चन्द्रभूषण तिवारी, माधव राज दीक्षित, अनिल गुप्ता, शादाब खान, कमल कुमार, धर्मेंद्र कुमार, इंद्रसेन मिश्रा, जितेंद्र सिंह व प्रवीण सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।