लखनऊ में गुडंबा पुलिस ने उत्तराखंड में तैनात आईएएस डॉ. राम विलास यादव की पत्नी कुसुम विलास यादव पर आरटीआई एक्टिविस्ट हेमंत कुमार मिश्रा को मारने पीटने व धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। गुडंबा के गायत्रीपुरम निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट हेमंत कुमार मिश्रा के मुताबिक, एलडीए के पूर्व सचिव रहे आईएएस अधिकारी डॉ. रामविलास यादव के रिश्तेदार पैकरामऊ के पास एक भूखंड पर निर्माण करवा रहे थे।
निर्माण अवैध होने के कारण मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर की थी। इस पर एलडीए ने निर्माणाधीन भवन को सील कर दिया और गुडंबा पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया। 13 सितंबर को वह मौके पर गए, जहां सील भवन में निर्माण हो रहा था।
सील भवन की फोटो खींचते वक्त दिलकश विहार कॉलोनी निवासी डॉ. राम विलास यादव की पत्नी कुसुम विलास यादव ने मजदूरों के साथ मिलकर उनकी पिटाई कर दी। प्रभारी निरीक्षक रीतेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, पीड़ित ने आईएएस के खिलाफ 200 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति की शिकायत लोकायुक्त और उत्तराखंड सतर्कता प्रवर्तन निदेशालय भारत सरकार में की है।
जांच शुरू हो गई है। रंजिश को लेकर विवाद है। आरोप है कि हमले के दौरान कुसुम विलास यादव ने शिकायत वापस लेने के लिए धमकी दी है।