लखनऊ। बीबीडी इलाके में शुक्रवार रात फास्ट फूड की दुकान में सिलिंडर से लगी आग लग गई थी। इसमें दुकान के बाहर बैठे तीन लोग झुलस गए। रविवार को एक पीड़ित ने दुकान के मालिक टंडन व पीयूष राय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बीबीडी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
बाराबंकी के भदोसराय निवासी मो. हारुन के मुताबिक वह बीबीडी में तारा पुरवा मोड़ पर पंचर की दुकान चलाते हैं। उनके ठीक बगल में फास्ट फूड की दुकान है, जिसके मालिक टंडन व पीयूष राय हैं। हारुन का कहना है कि शुक्रवार शाम सात बजे उन्हें आरोपियों की दुकान में रखे सिलिंडर से गैस लीक होने पर दुर्गंध आ रही थी। इसकी सूचना भी उन्होंने पीयूष को दी थी। मगर उन्होंने नजरअंदाज कर दिया। आरोप है कि रात करीब आठ बजे अचानक उनके सिलिंडर में आग लग गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले सिलिंडर फट गया और आग लग गई। इस बीच हादसे के कारण शटर का कुछ हिस्सा भी टूट कर दुकान के बाहर गिर गया और आग फैल गई। बाहर बैठे मो. तालिब, जीशान और वह झुलस गए। किसी तरह से लोगों ने आग पर काबू पाया। हारुन का आरोप है कि हादसे के कुछ देर बाद चार लोग उनके पास आए और शिकायत करने पर धमकी दी। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।