अखिलेश यादव सरकार के दौरान प्रदेश के डीजीपी रहे जगमोहन यादव के खिलाफ जमीन कब्जाने को लेकर लखनऊ के गोसाईगंज थाने में केस दर्ज किया गया है। जगमोहन को अखिलेश का करीबी माना जाता है।
मामले में जगमोहन यादव के साथ ही 60 से 65 लोगों पर पुलिस ने जमीन कब्जाने व धोखाधड़ी करने सहित कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मुकदमा पूर्व केंद्रीय मंत्री बलराम सिंह यादव के बेटे विजय सिंह की तरफ से दर्ज करवाया गया है। इसके पहले भी पूर्व डीजीपी जगमोहन के खिलाफ आवास विकास परिषद ने भी अवैध कब्जे को लेकर केस दर्ज करवाया था।
यह जमीन लखनऊ में शहीद पथ पर हरिहरपुर गांव में स्थित है जिस पर विवाद चल रहा है। मंगलवार (6 अगस्त) को इस जमीन पर कब्जा करने पहुंचे जगमोहन का विजय से विवाद हो गया था और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे।