लखनऊ। अमीनाबाद स्थित द्विवेदी साड़ीज के मालिकों पर 1.61 करोड़ हड़पने का आरोप लगा है। निराला नगर निवासी रेडीमेड गारमेंट फैक्टरी के मालिक राजीव शर्मा ने द्विवेदी साड़ीज के मालिक अभिषेक द्विवेदी, भव्या द्विवेदी व मोनिका द्विवेदी पर ठगी का केस दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक महानगर केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, निराला नगर में राजीव शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। राजीव के मुताबिक, उनकी रेडीमेड गारमेंट की फैक्टरी है। राजीव ने बताया कि अमीनाबाद स्थित द्विवेदी साड़ीज के मालिक अभिषेक द्विवेदी माल लेने के लिए अक्सर उनके पास आया करते थे। साल 2017 में उन्होंने कारोबार विस्तार करने के लिए रकम मांगी। इस पर राजीव ने विश्वास करते हुए साल 2017 से 2019 के बीच 1.71 करोड़ रुपये दे दिए। आरोप है कि अभिषेक के अलावा उनकी पत्नी भव्या द्विवेदी व मां मोनिका द्विवेदी को भी इस लेनदेन की जानकारी है। राजीव ने बताया कि कई बार रकम देने के लिए कहा, तो 10 लाख रुपये लौटाए और बाकी रकम जल्द लौटाने के लिए कहा। रकम न देने पर अपना मकान राजीव के नाम करने के लिए कहा था। कई साल बीत जाने के बाद न तो रकम दी और न ही मकान राजीव के नाम किया।
राजीव के मुताबिक, अभिषेक व उनके परिवार से रकम न लौटाने पर मकान नाम करने के लिए कहा, तो उनका कहना था कि रकम देंगे। इस पर उनकी तरफ से 8 से 10 चेक दिए गए। राजीव के मुताबिक, सभी चेक बाउंस हो गए। आर्थिक स्थिति ठीक होने के बाद भी रकम नहीं लौटाई गई, तो तीनों के खिलाफ महानगर थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक महानगर केशव कुमार तिवारी के मुताबिक, राजीव शर्मा की तहरीर पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।