छात्रा की फर्जी आईडी बनाकर परिजनों व रिश्तेदारों को अश्लील मैसेज भेजने वाले शोहदे (सहपाठी) पर पुलिस ने सोमवार देर रात रिपोर्ट दर्ज कर ली। छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और आईटी एक्ट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को तलाश रही है।
गोसाईंगंज इलाके में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा ने सोमवार को घर के बाथरूम में फंदा लगा लिया था। उसके पिता ने पुलिस को बताया था कि बेटी के साथ पढ़ने वाला छात्र अक्सर उसे परेशान करता था। आरोपी ने बेटी की फेसबुक पर फर्जी आईडी बना दी थी। इसके बाद घरवालों और परिचितों को अश्लील मैसेज भेजता था। बेटी ने इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। वह कुछ दिनों से तनाव में थी। परेशान होकर उसने बात बताई तो आरोपी के घर जाकर शिकायत की। पर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। इससे आहत होकर छात्रा ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया था और सोमवार को जान दे दी थी। पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।