बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में विभिन्न यूजी, पीजी व सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश के लिए परीक्षा 28 सितंबर से होगी। परीक्षा कंप्यूटर बेस्ट टेस्ट (सीबीटी) व हाइब्रिड मोड, पेन-पेपर (ओएमआर बेस्ड) होंगी। रविवार देर शाम प्रवेश परीक्षा का आयोजन करा रही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा प्रवेश परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया।
इसके अनुसार यूजी, पीजी व सर्टिफिकेट कोर्सों में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 28, 29 व 30 सितंबर, 01, 03 व 04 अक्तूबर को किया जाएगा, जिसका एडमिट कार्ड एनटीए की वेबसाइट पर जल्द जारी किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में सुबह 08 से 10 बजे, दोपहर 12.30 से 2.30 बजे तथा शाम 05 से 07 बजे तक होगा। प्रवेश परीक्षा के लिए पूरे देश में केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार 28 सितंबर को प्रमुख रूप से एमए-एमएससी, 29 सितंबर को प्रमुख रूप से बीबीए एलएलबी ऑनर्स, बीएड, एमएससी योगा, 30 सितंबर को एलएलएम, एमटेक व एमएससी के विभिन्न कोर्सों की प्रवेश परीक्षा का आयोजन होगा।
वहीं, 1 अक्तूबर को प्रमुख रूप से एमए, एमएससी, 3 अक्तूबर को स्नातक कोर्सों की बीबीए, बीवोक, बीए पब्लिक ऐड, बीएससी ऑनर्स, बीए के विभिन्न विषयों, डिप्लोमा इन फार्मेसी व एमएससी फूड साइंस आदि के पेपर होंगे, जबकि आखिरी दिन 4 अक्तूबर को बीकॉम ऑनर्स, बीकॉम, बीटेक, बीएससी व बीसीए के पेपर होंगे। विद्यार्थियों को सुझाव दिया गया है कि वे परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम देखकर परीक्षा में शामिल हो। बता दें कि पहली बार विश्वविद्यालय के विभिन्न कोर्सों के प्रवेश के लिए एनटीए द्वारा प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है, जिसका प्रमुख उद्देश्य अन्य प्रदेश के विद्यार्थियों को आकर्षित करना भी है।