लखनऊ विश्वविद्यालय में अंडर ग्रेजुएट मैनेजमेंट पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए 27 मार्च से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जाएंगे। दाखिले के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 मई निर्धारित की गई है।
अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में एमबीए फाइव इयर, बीकॉम ऑनर्स और बीबीए के चार पाठ्यक्रम होंगे। विश्वविद्यालय में पहली बार बीबीए पाठ्यक्रमों के साथ बीबीए टूरिज्म के दाखिले होंगे।
इन सभी पाठ्यक्रमों की 460 सीटों पर दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। प्रवेश परीक्षा का नाम लखनऊ यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट एंट्रेंस टेस्ट (लूमेट) रखा गया है। हालांकि एमबीए की तरह इन पाठ्यक्रमों में साक्षात्कार नहीं होंगे।
पिछले साल तक विवि मेें अंडर ग्रेजुएट मैनेजमेंट पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म अलग से निकलते थे, लेकिन इस साल से दाखिले के लिए सेंट्रल एडमिशन सेल बनाई गई है।
इसी सेल के माध्यम से अंडर ग्रेजुएट मैनेजमेंट पाठ्यक्रमों के दाखिले किए जाएंगे। लखनऊ विवि ने पिछले साल से एमबीए फाइव इयर पाठ्यक्रम की शुरुआत की है। इसके दाखिले भी अंडर ग्रेजुएट पाठ्यक्रम के साथ किए जा रहे हैं।