हुसैनाबाद घंटाघर पर प्रदर्शन के साथ गोमतीनगर में गंज शहीदा कब्रिस्तान के निकट दरगाह परिसर में प्रदर्शन की सूचना पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी व अधिकारी पहुंच गए। महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे हटने को तैयार नहीं हुईं। इस दौरान महिलाओं ने ठंड से बचने के लिए अलाव की लकड़ियां जुटानी शुरू की तो पुलिस उसे हटाने लगी। इससे नाराज महिलाओं ने जबरन अलाव में आग लगा दी।
दरगाह परिसर के पास काफी संख्या में पुरुष भी पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें हटा। प्रदर्शन में शामिल नुसरत ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून देशहित में नहीं है क्योंकि इसके बाद एनआरसी लाने की बात कही जा रही है। दोनों के आपस में जुड़ने से देश की जनता को नुकसान पहुंचेगा। यहां देर रात टेंट वाले ने आकर अचानक शामियाना उतार लिया। इससे महिलाएं खुले आसमान के नीचे आ गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने दबाव बनाकर शामियाना हटवा दिया। इधर, पुलिस देर रात तक प्रदर्शनकारी महिलाओं को हटने के लिए समझाती रही। इससे कुछ महिलाएं हट जातीं, लेकिन दूसरी महिलाएं आकर डट जातीं।
घंटाघर पर तीन दिनों से लगातार प्रदर्शन चल रहा है। ठाकुरगंज पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए शायर मुनव्वर राना की दो बेटियों सहित 150 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ठाकुरगंज थाने में तीन अलग-अलग मुकदमों में यह कार्रवाई की गई है। इसमें रास्ता जाम कर प्रदर्शन, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी वायरल करने, धारा 144 का उल्लंघन व बलवा का मुकदमा दर्ज किया गया है।
ठाकुरगंज थाने में सुमैय्या राना, फैजिया राना, रुखसाना, शफी फातिहा समेत 10 अन्य के खिलाफ महिला आरक्षी ज्योति कुमारी ने केस दर्ज कराया है। सुमैय्या राना व फैजिया राना मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटियां है। वहीं सब इंस्पेक्टर सेठ पाल सिंह व सिपाही विक्रांत कुमार की तहरीर पर दो और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसमें लईक अमहद, नसरीन जावेद, मोउद्दीन, रसूख अहमद, शवी फातिमा, शाफिया हाफिजा, राफिया, नाजनीन, इरफाना, राजिया, रेहाना, नूर बानो, कौशर, फिरदौस, अफरोज, पूजा, फरीन बानो समेत करीब 125 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया हैैं।
एडीसीपी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक शनिवार रात को डिफेंस एक्सपो, गणतंत्र दिवस व अन्य विशेष समारोहों को देखते हुए राजधानी के कमिश्नरी क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया गया है। ऐसे में घंटाघर पर चल रहा प्रदर्शन पूरी तरह से अवैधानिक हो गया है। पुलिस लोगों से प्रदर्शन खत्म करने की अपील कर रही है लेकिन प्रदर्शनकारी प्रशासन की बात सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने बताया कि रविवार को ठाकुरगंज में धारा 144 का उल्लंघन करने का मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है।