यात्रियों की मांग को देखते हुए रोडवेज प्रशासन की ओर से लखनऊ से देहरादून और जयपुर के बीच बस सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। परिवहन निगम प्रशासन ने दो जोड़ी साधारण बसें इस सेवा में लगाई हैं। कैसरबाग से देहरादून और आलमबाग बस टर्मिनल से जयपुर के लिए बसें मिलेंगी। बसों का किराया व समयसारिणी तय कर दी गई है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में संचालित बसें जर्जर हो गई है। इन्हें हटाकर दो जोड़ी नई बसें देहरादून और जयपुर के लिए शुरू की गई हैं। आलमबाग से जयपुर की बस सेवा दोपहर 3.30 बजे रवाना होगी, जिसका किराया 809 रुपये रखा गया है। दूसरी ओर कैसरबाग से देहरादून के लिए बस सेवा शाम 5:30 बजे शुरू होगी, जिसका किराया 882 रुपये रुपये रखा गया है।
आलमबाग से एसी जनरथ बसें जाएंगी देहरादून
इतना ही नहीं परिवहन निगम प्रशासन यात्रियों की मांग पर कैसरबाग के बाद अब आलमबाग बस टर्मिनल से भी देहरादून के लिए बसें चलाने की तैयारी कर रहा है। एक जोड़ी एसी जनरथ बसें शाम छह बजे से रवाना होंगी। बस किराया 12 सौ रुपये के आसपास होगा। बस संचालन इसी हफ्ते से शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
देवा मेले के लिए अवध बस स्टेशन से चलेंगी सिटी बसें
सिटी बस प्रशासन की ओर से देवा मेला जाने वाले जायरीनों की सुविधा के लिए अवध बस स्टेशन से सिटी बसें चलाने का निर्णय लिया गया है। यह बसें बस स्टेशन के प्लेटफार्म 12, 13 व 14 से हर घंटे पर देवा के लिए रवाना होंगी। सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन ने बताया कि देवा मेले के लिए बसें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा चार सीएनजी बसें और चार इलेक्ट्रिक बसें और चलाई जाएगी। यात्री टोल फ्री नंबर 18001805014 पर बस से जुड़ी शिकायत होने पर दर्ज करा सकते हैं।
गोमतीनगर से पुणे, श्रीमाता वैष्णो कटरा की चलेंगी ट्रेनें
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा व पुणे के लिए एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों को खासी राहत हो जाएगी। पुणे का रैक भी आया है। रेलवे अफसरों को नोटिफिकेशन का इंतजार है। उम्मीद जताई जा रही है कि दीपावली बाद भव्य कार्यक्रम आयोजित कर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जा सकती है।
गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का अपग्रेडेशन किया जा रहा है। यह कार्य करीब अस्सी प्रतिशत पूरा हो चुका है। जल्द ही स्टेशन नए व भव्य रूप में दिखेगा। वहीं पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन गोमतीनगर से लम्बी दूरी की ट्रेनों की संख्या में भी वृद्घि कर रहा है। गोमतीनगर से जयपुर व कामाख्या देवी के लिए ट्रेनें शुरू की जा चुकी हैं। इसी क्रम में गोमतीनगर से श्रीमाता वैष्णा देवी कटरा के लिए ट्रेन चलाने के बाबत गत जून में भाजपा नेता नीरज सिंह ने ट्विट कर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से बातचीत करने की बात कही। ट्रेन लगभग फाइनल हो गई थी। सूत्र बताते हैं कि अगले वर्ष लोकसभा चुनाव हैं, ऐसे में चुनाव से पहले ही गोमतीनगर से कटरा की इस ट्रेन को भव्य समारोह कर शुभारम्भ करने की तैयारी है। ऐसे ही गोमतीनगर से पुणे के लिए भी ट्रेन चलाई जाएगी, जिसका रैक भी चुका है। इन दोनों ट्रेनों के चलने से गोमतीनगर स्टेशन का कद बढ़ जाएगा तथा एक बड़ी आबादी को चारबाग व लखनऊ जंक्शन जाने की जरूरत नहीं होगी। इन स्टेशनों पर यात्रियों व ट्रेनों के लोड को भी कम करने में मदद मिलेगी।
अमौसी से छोटी दूरी की उड़ानों पर रहेगा जोर
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत अमौसी एयरपोर्ट से बरेली, पिथौरागढ़, देहरादून, भोपाल आदि के लिए जल्द ही नई उड़ानें शुरू होंगी। इसे लेकर एयरलाइनें तैयारियां कर रही हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी में यात्रियों को इन उड़ानों की सौगात मिलेगी। दरअसल, अमौसी एयरपोर्ट के निजी हाथों में जाने के बाद उड़ानों की सेवाओं में वृद्घि दर्ज की गई है। एयर एशिया व अकासा एयरलाइन ने अपनी सेवाएं एयरपोर्ट से शुरू की हैं। जल्द ही गुवाहाटी व गोवा के लिए नई उड़ानों को भी उतारा जाएगा। जबकि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सस्ती व किफायती उड़ानों को भी एक बार फिर से शुरू किया जाएगा। एयरपोर्ट सूत्र बताते हैं कि इंडिगो, विस्तारा, एयर एशिया आदि एयरलाइनों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं, हालांकि, एयरलाइनों से जुड़े अफसर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पर, जल्द ही एयरपोर्ट से बरेली, भोपाल, देहरादून, पिथौरागढ़ के लिए एटीआर श्रेणी के छोटे एयरक्राफ्ट उड़ान भरेंगे, जिनका किराया ढाई से तीन हजार रुपये के बीच होगा। 80 सीटर इन विमानों से डेढ़ से दो घंटे में यात्रियों का सफर पूरा हो जाएगा।