एक साथ जिन छह बसपा विधायकों ने बगावती तेवर दिखाया है, उनमें तीन मुस्लिम, दो पिछड़ा वर्ग के व एक दलित विधायक शामिल हैं। बसपा के बहुजन के फॉर्मूले में दलित, पिछड़े और मुस्लिम ही आते हैं। एक साथ तीनों ही वर्ग के विधायकों के झटके व सपा खेमे से पींगें बढ़ाने से बसपा के बहुजन समाज में नकारात्मक संदेश की आशंका बढ़ गई है।
इसका असर आने वाले दिनों में और तेजी से महसूस होने की संभावना है। बसपा इस राज्यसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी रामजी गौतम को भले जिता ले, लेकिन बहुजन समाज खासकर अल्पसंख्यक मतों को सहेज पाना मुश्किल साबित हो सकता है। नए समीकरण का पहला असर विधानसभा उपचुनाव में नजर आने से इनकार नहीं किया जा सकता।