अगर आप बीएसएनएल के प्री-पेड उपभोक्ता हैं तो रिचार्ज कूपन लेते समय सावधान रहें। टॉपअप और रिचार्ज कूपन ब्लैंक हो सकता है। ग्रामीण और शहर के बाहरी इलाकों में कैनोपी लगाकर रिचार्ज वाउचर बेचने वालों के शिकार बने उपभोक्ताओं की शिकायत पर बीएसएनएल ने जांच शुरू कर दी है।
बीएसएनएल को आशंका है कि फर्जी रिचार्ज वाउचर बेचने का गिरोह सक्रिय है। ठगी के शिकार उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने कैनोपी लगाकर रिचार्ज कूपन बेचने वालों से वाउचर खरीदा था। रिचार्ज कूपन को स्क्रैच करने पर गुप्त कोड की जगह ब्लैंक निकला।
काकोरी, माल, व सरोजनीनगर इलाके में रोड साइट स्टाल लगाकर बेचे जा रहे ये रिचार्ज कूपन 15 रुपये से लेकर 100 रुपये तक के होते हैं। पीड़ित सुरेश कुमार, महिपत पाल, बागेश्वर यादव सहित आधा दर्जन लोगों ने अधिकारियों से अपनी शिकायत दर्ज कराई है।