तुलसीपुर (श्रावस्ती)। मल्हीपुर बहराइच मार्ग स्थित बहोरवा स्थित जंगलदास कुटी के निकट शनिवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दिया। घटना में बाइक सवार साले की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल भिनगा लाया गया है। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बहराइच जिले के थाना रामगांव क्षेत्र के ग्राम रघवाजोत निवासी कुलेराज पासवान (22) की बहन का विवाह सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर निवासी कमलेश कुमार पासवान (32) के साथ हुआ था। शनिवार को कुलेराज अपनी बहन को करवा देने उसके घर आया था। जहां करवा देने के बाद कुलेराज अपने जीजा कमलेश के साथ उसकी बहन काजल पत्नी अरविंद पासवान को करवा पहुंचाने उसके घर मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ककरदरी जा रहा था। जैसे ही कुलेराज बाइक लेकर मल्हीपुर-बहराइच मार्ग स्थित बहोरवा स्थित जंगलदास कुटी के निकट पहुंचा। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों सवार बाइक सहित ट्रक के नीचे चले गए। घटना में कुलेराज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने गंभीर हालत में उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुचाया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर जयहरि मिश्रा ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।