लखनऊ के चिनहट इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने रविवार रात रेडीमेड शॉप पर सुतलीबम से हमला किया। तेज धमाके से इलाका दहल उठा। शीशे बिखर गए। हमले से बुरी तरह सहमे व्यापारी ने पुलिस कंट्रोल रूम कॉल की और दो बदमाशों पर कातिलाना हमले का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। इनमें एक कुछ दिनों पहले जेल से छूटा है।
एसओ चिनहट सुरेश कुमार यादव ने बताया कि गांव अनौरा कलां निवासी योगेंद्र कुमार यादव की फैजाबाद रोड स्थित आरके अपार्टमेंट में राधिका कलेक्शन नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। वह रोजाना की तरह शनिवार रात 9:30 बजे स्टॉक मिलान करके दुकान बंद करने की तैयारी में थे।
इस बीच दुकान के सामने रुकी बाइक की पिछली सीट पर बैठे अनौरा कलां निवासी राहुल यादव ने सुतलीबम से हमला कर दिया। तेज धमाके के साथ बम फटते ही शीशे टूटकर बिखर गए। आसपास के लोग दौड़े।
कुछ ही दिन पहले जेल से छूटा था
ब्लास्ट से टूटा दुकान का कांच
- फोटो : amar ujala
इस बीच दोनों हमलावर भाग निकले। हमले से बुरी तरह सहमे योगेंद्र ने पुलिस कंट्रोल रूम कॉल की। मॉडर्न पुलिस कंट्रोल रूम की पॉवर टीम व चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। संगीन वारदात का पता चलते ही वह एसओ ने टीम के साथ मौके पर जाकर छानबीन की और फोरेंसिक टीम बुलाई।
व्यवसायी योगेंद्र कुमार ने एसओ को बताया कि राहुल यादव का 24 मई को उनके मौसेरे भाई रामसागर से झगड़ा हुआ था। चीखपुकार पर वह बीचबचाव करने पहुंचे। इस पर राहुल ने उन पर हमला करने के साथ मोबाइल तोड़ दिया। इस मामले में राहुल को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया और कुछ दिनों पहले जमानत पर छूटा।
इसके बाद से वह धमकी दे रहा था। सुतलीबम से हमला के साथ उसने गालीगलौज की। इस बीच दूसरे बदमाश ने बाइक तेजरफ्तार से दौड़ा दी। योगेंद्र का कहना है कि वह बाइक चला रहे बदमाश को पहचान नहीं सका।