लखनऊ। कैंट के निलमथा निवासी आशीष कुमार (35) का शव शुक्रवार दोपहर विजयनगर इलाके में नाले में पड़ा मिला। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
आशीष के बड़े भाई अमित कुमार ने बताया कि आशीष पुताई का काम करता था। 10 जनवरी की सुबह वह काम पर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने देर रात तक इंतजार किया। घरवालों ने उसके मोबाइल पर कॉल भी की, पर संपर्क नहीं हो सका। 13 जनवरी को कैंट थाने में आशीष की गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
एसओ कैंट गुरप्रीत कौर के अनुसार, शुक्रवार दोपहर विजयनगर इलाके में लोगों ने नाले में युवक का शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने आशीष के परिजनों को सूचना दी। घरवालों ने शव की पहचान आशीष के रूप में की। एसओ का कहना है कि घरवालों ने बताया कि आशीष शराब के लती थे। आशंका है कि नशे में वह नाले में गिरे और उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी अंजली कुमार, बेटी अर्पिता, बेटा अर्पित हैं।