भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति तुष्टीकरण की राजनीति करता हो और अपनी पार्टी को एक निजी कंपनी की तरह चलाता है, ऐसे लोगों को भाजपा को प्रमाण पत्र लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि राम और राम मंदिर के खिलाफ बोलने वालों के मुंह से राम व रावण में भेद की बातें शोभा नहीं देती।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जिनकी नीति ही आमजन को जाति व संप्रदाय में बांटना और आंतकियों की पैरोकारी करना हो। ऐसे दल के मुखिया का सत्ता में आने का ख्वाब देखना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने पार्टी पर कब्जे के लिए अपने पिता और चाचा को नहीं बख्शा। जिन्होंने गांव, गरीब, किसान, नौजवान, शोषित, पीड़ित, वंचित को सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। जिनकी सरकार में हर तरह से किसानों का शोषण हुआ और बिचौलियों व दलालों को सत्ता का संरक्षण मिला। ऐसे ही लोगों को भाजपा सरकार में किसानों के हित में हो रहे फैसले रास नहीं आ रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बंद कमरों में बैठे लोगों को सिर्फ सोशल मीडिया के सहारे जनता में झूठ व भ्रम फैलाने की कोशिशें करने से ही फुरसत नहीं मिल रहा है। उन्हें नहीं पता कि उनकी जमीन खिसक चुकी है। भाजपा सरकार के प्रति जनता का विश्वास और बढ़ा है तथा मजबूत हुआ है। विपक्ष सत्ता में आने का ख्वाब न देखे ।