किसान आंदोलन के प्रमुख नेता राकेश टिकैत पर कार्टून बनाकर उन्हें सख्त संदेश देने वाली भाजपा ने इस बार व्यंग्य के सहारे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
यूपी भाजपा के फेसबुक पेज पर एक कार्टून शेयर कर कहा गया है कि एक लड़के ने अपने पिताजी से उनकी साइकिल छीन ली। फिर उस साइकिल का बुरा हाल करके छोड़ दिया। अब वो लड़का 'बाईस साइकिल' के ख्वाब देख रहा है। जो एक न संभाल पाया वो 'बाईस' क्या संभालेगा? बाईस नहीं मिलेंगी बबुआ! न यकीन हो तो एकबार 'बुआ' से पूछ लो।
कार्टून में साफ संदेश दिया गया है कि सपा कुछ भी कर ले लेकिन वो सत्ता में नहीं आने वाली है। भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी।
इस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि राजनेताओं को अपमानित करना सही नहीं है। चुनाव में जनता इनका ही कार्टून बना देगी।
बता दें कि इसके पहले भाजपा के सोशल मीडिया अकाउंट से किसान नेता राकेश टिकैत को चेतावनी दी गई थी जिसका मतलब ये था कि ये दिल्ली नहीं यूपी है। यहां योगी की सरकार है योगी ठीक कर देगा। हालांकि, राकेश टिकैट ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और एक के बाद एक प्रदेश में कई महापंचायतें की।