बैठक में माफिया व अपराधियों को टिकट देने, मुस्लिम तुष्टीकरण व अखिलेश शासन की कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा को घेरने की रणनीति बनी। सुभासपा को ध्यान में रखते हुए राजभर वोट बैंक को साधने पर भी चर्चा हुई। पूर्वांचल में भाजपा के बागियों के कारण जिन सीटों पर समीकरण बिगड़ा है, उन सीटों के लिए खास योजना तैयार की गई।
मुस्लिम, यादव बहुल सीटों पर नुकसान की काट तलाशने की रणनीति बनाई गई। योजना के मुताबिक पीएम मोदी 21 फरवरी को पीलीभीत, 22 को बहराइच और 23 फरवरी को बाराबंकी में चुनावी रैली करेंगे। पीएम 5 मार्च तक लगातार करीब एक दर्जन रैलियां और रोड शो करेंगे। मार्च के पहले सप्ताह में मोदी अपनी संसदीय क्षेत्र काशी में दो से तीन दिन रहकर पूर्वांचल का माहौल बनाएंगे। वहीं प्रतिदिन हर जिले में गृहमंत्री शाह, सीएम योगी, जेपी नड्डा सहित अन्य नेताओं की दो से तीन सभाएं व रोड शो होंगे।
हर जिले में दिग्गज नेता तैनात होंगे
पार्टी पूर्वांचल के हर जिले में दिग्गज नेताओं को चुनाव प्रचार में तैनात करेगी। चुनाव के बाद फ्री हुए उन क्षेत्रों के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों के साथ पदाधिकारियों को पूर्वांचल के जिलों में जातीय समीकरण के हिसाब से तैनात किया गया है।