घटना के बाद पूछताछ करतीं एसएसपी मंजिल सैनी व अन्य
- फोटो : amar ujala
राजधानी लखनऊ के नाका क्षेत्र में गल्ला व्यवसायी दीपक कुमार अग्रवाल के मुनीम रजनीश पांडेय से शुक्रवार हुई दिनदहाड़े लूट का खुलासा हो गया है। लूट में पुराने नौकर शुभम का नाम आया है, जिसने मुखबिरी की थी। त्रिवेणी नगर से शुभम, शैलेंद्र प्रदीप, धनंजय, अभय प्रताप सिंह और उत्तम को गिरफ्तार किया गया है, उनसे पूछताछ जारी है।
मुनीम स्कूटी की डिक्की में रुपये से भरा बैग रखकर बैंक ऑफ इंडिया की ऐशबाग शाखा में जमा करने जा रहे थे। एएसपी सिटी पश्चिम सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मोहल्ला मोतीनगर निवासी गल्ला व्यवसायी दीपक कुमार अग्रवाल की दुगावां पुलिस चौकी से सटी दीपक ट्रेडिंग कंपनी नामक दुकान है।
उनके मुनीम दोपहर करीब 12:45 बजे रुपये जमा करने स्कूटी से निकले। नवयुग डिग्री कॉलेज के सामने से राजेंद्रनगर के बीच एक नर्सिंग होम के पास दो बाइक पर सवार 4 बदमाशों ने मुनीम को टक्कर मारकर गिरा दिया।
सड़क पर गिरते ही मुनीम की पिटाई की और स्कूटी की चाबी से डिक्की खोलकर रुपयों भरा बैग उड़ा दिया। चारों बदमाश ऐशबाग ओवरब्रिज की ओर भाग निकले।
मुनीम ने पहले तो शोर मचाया और फिर दीपक व पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने बदमाशों को दबोचने के लिए बाजार खाला के हैदरगंज तिराहा, बुलाकी अड्डा, नक्खास, तालकटोरा, नाका चौराहा, मवैया समेत विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। एसएसपी समेत कई अफसरों ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की।
इस तरह की गई जांच
घटना की जानकारी करते पुलिसकर्मी
- फोटो : amar ujala
पुलिस ने वारदात स्थल के पास एक नर्सिंग होम व घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता चला कि दोपहर 12:24 बजे बाइक सवार दो बदमाशों के पास गले में गमछा डाले तीसरा बदमाश खड़ा था। ऐसा लगा तीनों लोग बातचीत के साथ रजनीश का इंतजार कर रहे थे। 12: 24 पर स्कूटी को टक्कर मारी व वारदात को अंजाम देकर भाग निकले।
एक बाइक पर दो और दूसरी पर एक बदमाश सवार था, जबकि चौथे बदमाश के पैदल भागने का अनुमान लगाया जा रहा है। रजनीश ने वारदात के तुरंत बाद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करने के साथ दीपक को वारदात की सूचना दी। एसओ नाका धीरेंद्र यादव ने टीम के साथ मौके पर जाकर तहकीकात शुरू की।
लुटेरों के हुलिया व बाइक के बारे में जानकारी करके वायरलेस से सभी थानों को अलर्ट किया। कई इलाकों में नाकाबंदी कराई गई लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। एसएसपी मंजिल सैनी ने मुनीम रजनीश से जानकारी ली तो पता चला कि लुटेरों ने उससे रकम के बारे में सवाल नहीं किया था, बल्कि टक्कर से सड़क पर गिरी स्कूटी की चाबी निकालकर डिक्की खोली और नोटों से भरा बैग लूट लिया। एसएसपी का पहले ही कहना था कि लुटेरों को लूट की रकम की जानकारी थी।