नगराम। रिश्तेदार की शादी में जा रहे क्षेत्र के कांटा करौंदी गांव निवासी आयुष यादव (20) की बाइक और अज्ञात वाहन में बृहस्पतिवार रात बिचलका रोड के पास टक्कर हो गई। सड़क किनारे लगे मील के पत्थर से सिर टकराने से उसकी मौत हो गई। उसने हेलमेट नहीं लगाया था।
सिक्योरिटी गार्ड अनिरुद्ध यादव के मुताबिक उनका बेटा आयुष रायबरेली के बछरावां स्थित दयानंद डिग्री कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष का छात्र था। वह ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम भी करता था। बृहस्पतिवार रात वह रिश्तेदार अंकुश यादव की शादी में शामिल होने कमालपुर बिचलका बाइक से जा रहा था। समेसी–कमालपुर बिचलका रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से आयुष मील के पत्थर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे ट्रॉमा-2 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनके पास से मिले मोबाइल की मदद से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
आयुष के परिवार के पिता मां सरला, बड़ा भाई आकाश और छोटा भाई रजत हैं। कार्यवाहक थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।