सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश में अंधेर नगरी-चौपट राजा की कहावत चरितार्थ हो रही है। भाजपा सरकार आंकड़े दबाकर कानून-व्यवस्था नियंत्रण में होने के खोखले दावे कर रही है। हकीकत यह है कि कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब हत्या, लूट, बलात्कार जैसी गंभीर घटनाएं न घटती हों। भाजपा राज में अपराधी भयमुक्त और जनसामान्य भयभीत है।
अखिलेश ने अपने बयान में कहा कि हालत किस कदर बिगड़ गए हैं इसे जाहिर करने के लिए लखनऊ में किशोर को घर से उठाकर पुलिस चौकी में बंद रखने और जबरन जुर्म कबूलवाने के लिए बर्बरता से पीटने व बूट से पैर कुचल डालने की शर्मनाक घटना काफी है। इस हाल में मुख्यमंत्री किस मुंह से अपने राज में शांति व्यवस्था बने रहने की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि संडीला (हरदोई) में 8 साल के एक बच्चे का अपहरण करके अपराधियों ने हत्या कर दी। बिजनौर में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान अनुसूचित जाति के युवक की ऐसी पिटाई की कि उसकी मृत्यु हो गई।
लखनऊ के गुडंबा में बदमाशों ने घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी। इटावा में छह दिनों से एक युवक को थाने में बंद रखा गया। ये सब शासन-प्रशासन की संवेदनहीनता के उदाहरण मात्र है।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल है। जेलों में माफिया डॉन अपने दरबार सजा रहे हैं, वहीं से आपराधिक गतिविधियों का विस्तार कर रहे है। हद तो यह है कि अगर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र अपनी मांग उठाते हैं तो उनके ऊपर लाठियां बरसाई जाती है, गिरफ्तारियां होती है। भाजपा सरकार की वजह से चारों तरफ अराजकता है।