अभिजीत द्विवेदी और प्रो. अरुण मोहन शेरी।
- फोटो : amar ujala
ट्रिपलआईटी लखनऊ से बीटेक आईटी के छात्र अभिजीत द्विवेदी को अमेजन ने 1.20 करोड़ सालाना का पैकेज दिया गया है। प्रयागराज के मूल निवासी अभिजीत की पोस्टिंग डबलिन आयरलैंड में सॉफ्टवेयर डेवलपर के पद पर हुई है। बीएससी से अपनी स्कूलिंग करने वाले अभिजीत कंपनी में बतौर मैनेजर काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी में अनुभव लेकर अगर मौका लगा तो स्टार्टअप शुरू करूंगा। खासकर एजुकेशन सेक्टर के लिए काम करना है, क्योंकि कोविड जैसे कठिन वक्त में तकनीकी ज्ञान न होने वालों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई तो पूरी हो जाती है, लेकिन इंटरव्यू क्रैक करने के लिए स्किल बहुत मायने रखती है। पिता आनंद मोहन द्विवेदी कोऑपरेटिव बैंक में मैनेजर और मां किरण द्विवेदी गृहिणी हैं।
पीजी में भी सौ फीसदी प्लेसमेंट
ट्रिपलआईटी लखनऊ के न सिर्फ बीटेक बल्कि एमटेक के छात्रों को भी सौ फीसदी प्लेसमेंट मिला है। इसमें कंप्यूटर साइंस के छात्र संदीप पढ़ी को 32 लाख का पैकेज मिला है। उन्हें फ्लिपकार्ट के साथ वॉलमार्ट में भी जॉब ऑफर हुई है। इसी तरह सुरभि सुमन को 32 लाख सालाना का पैकेज अमेजन ने दिया है। इनके पास अमेजन के साथ ही डिलाइट, इंडिया मार्ट व पे नियर बाई से भी जॉब ऑफर थी। पीजी में एवरेज पैकेज 17.05 लाख गया है।
ट्रिपल आईटी के निदेशक प्रो. अरुण मोहन शेरी ने कहा कि ट्रिपलआईटी लखनऊ ने इस बार प्लेसमेंट के सारे रिकॉर्ड ब्रेक किए हैं। बीटेक में एवरेज प्लेसमेंट 26.19 लाख है जो पिछली बार 18.42 था। पिछले साल अधिकतम पैकेज 43 लाख था जो इस बार 45 लाख डोमेस्टिक और 1.20 करोड़ इंटरनेशनल पहुंच गया है। कई छात्रों को दो या तीन कंपनियों के ऑफर थे। इसमें उन्होंने बेहतर को चुना है। हम सीमित संसाधन में भी छात्रों को बेहतर शिक्षा व अवसर देने का प्रयास कर रहे हैं।