लखनऊ। कैंट इलाके में मंगलवार को बच्चों के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने लेफ्टिनेंट कर्नल के घर में घुसकर मारपीट की। लेफ्टिनेंट कर्नल ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कैंट के हजरत महल मार्ग निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल विद्या एन. स्वामी मंगलवार को घर पर थीं। घर में उनकी बहन पद्माश्री स्वामी और विद्या का डेढ़ साल का बेटा भी था। आरोप है कि दोपहर डेढ़ बजे मोहल्ले में ही रहने वाले मो. आरिफ और उनकी पत्नी ने लेफ्टिनेंट कर्नल के घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर नौकरानी रेशमा और शाहीन बचाने आईं तो दंपती ने उन्हें भी पीट दिया। पिटाई से पद्माश्री को चोट लगने के अस्पताल ले जाकर उनका इलाज कराया।
इसके बाद विद्या ने कैंट कोतवाली में आरिफ, उसकी पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कैंट इंस्पेक्टर शिवचरन लाल के मुताबिक, बच्चों के बीच खेलने को लेकर विवाद में मारपीट की गई है। रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है।