अभ्यर्थियों ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने नौ नवंबर 2022 को एक अंक बढ़ाते हुए अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार करने का निर्देश दिया था। इसी मांग को लेकर अभ्यर्थी ईको गार्डन में आठ अगस्त से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों की 69000 शिक्षक भर्ती में एक नंबर से नियुक्ति से वंचित अभ्यर्थी 61 दिनों से ईको गार्डेन में लगातार धरने पर बैठे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि पिछले दिनों बेसिक शिक्षामंत्री ने उनके मामले में जल्द सकारात्मक कार्यवाई का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में वह दोबारा उनके आवास का घेराव करेंगे।
विज्ञापन
अभ्यर्थियों ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने नौ नवंबर 2022 को एक अंक बढ़ाते हुए अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार करने का निर्देश दिया था। इसी मांग को लेकर अभ्यर्थी ईको गार्डन में आठ अगस्त से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने 26 सितंबर को बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह से मुलाकात की थी। उन्होंने आश्वासन दिया था कि इस पर जल्द बैठक कर निर्णय लिया जाएगा।
किंतु कुछ हुआ नहीं। इसी क्रम में शनिवार को ईको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने फिर से बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री के आवास के घेराव का निर्णय लिया है। वहीं नियुक्ति की चयन सूची जारी होने तक उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। धरने में दुर्गेश शुक्ला, सूरज वर्मा, महेंद्र, शैलेंद्र कुमार वर्मा, रॉकी सिंह, शैलेश गौतम आदि शामिल थे।