बालागंज में रहने वाली शशि तिवारी ने जांबाजी के साथ एक बदमाश को दबोचा। चलती बाइक से गिरने के बाद भी उसे नहीं छोड़ा और अपनी लुटी आधी चेन बरामद कर लिया। हत्थे चढ़े बदमाश से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके साथी को गिरफ्तार किया जो रिटायर्ड पुलिसकर्मी का बेटा निकला।
दोनों बदमाशों ने लूट की चार और वारदात कुबूलीं। ठाकुरगंज थाने के बालागंज निवासी शशि तिवारी सोमवार दोपहर पति रत्नेश तिवारी, बेटे आदर्श व सोमेश के साथ उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र के गांव मौला बाकीपुर स्थित मायके जा रही थीं।
रत्नेस ने मोहान रोड स्थित पंप पर बाइक में पेट्रोल भराया। पेट्रोलपंप से निकलते ही पल्सर सवार दो बदमाश पीछे लग गए। उनकी नजर बाइक की पिछली सीट पर बैठी शशि के गले में सोने की चेन व कान की बाली पर थी। लुटेरों ने रत्नेश की बाइक को दो बार ओवरटेक करने के साथ शशि के गले पर झपट्टा मारने की कोशिश की।