राजधानी के माल क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर निकली छात्रा पर नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर दिए। बहादुर छात्रा बदमाशों से भिड़ गई। एक बदमाश को दबोचकर जमीन पर पटक दिया।
यह देख दूसरे बदमाश ने अपने साथी को बचाने के लिए उसकी पीठ पर ताबड़तोड़ कर वार कर दिए। लोगों के शोर मचाने पर बदमाश भाग निकले। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, माल के टिकरी कला गांव निवासी जगतपाल सिंह बेटी अनामिका सिंह जो माल स्थित आदर्श सतेंद्र सिंह महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे जब वह बाग में पहुंची तो वहां पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश बदमाशों ने उसे दबोचकर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इससे वह खून से लथपथ हो गई।
बहादुर छात्रा ने एक बदमाश को दबोचकर जमीन पर गिराकर उससे भिड़ गई। यह देख दूसरे बदमाश ने उसका मुंह दबाकर पीठ पर कई वार कर दिए। फिर भी साहसी छात्रा ने बदमाश को नहीं छोड़ा।
शरीर पर करीब दस से अधिक जख्म होने बाद भी वह बदमाशों से भिड़ी रही। छात्रा के साहस को देख बदमाशों ने घुटने टेक दिए और फरार हो गए। खून से लथपथ बाग में बेहोश पड़ी छात्रा को देख गांव के छोटू ने परिवारीजनों को जानकारी दी।
घरवाले उसे सीएचसी ले गए। जहां होश आने पर छात्रा ने गलतफहमी में बदमाशों द्वारा हमला करने की बात कही।