कैश की किल्लत अब मानवीय संवेदनाओं पर भी भारी पड़ने लगी है। मंगलवार को बड्डूपुर इलाके के बड़ागांव निवासी एक व्यक्ति की मां के निधन पर उसे अंतिम संस्कार के लिए बैंक से पैसा नहीं मिला। बैंक कर्मचारियों ने उससे दूसरे दिन आने की बात कही।
इसके बाद दूसरे से उधार रुपये लेकर उसने मां का अंतिम संस्कार किया। बड्डूपुर इलाके के ग्राम बड़ागांव के निवासी छोटेलाल की मां सुखदेई का सोमवार शाम को देहांत हो गया।
मंगलवार को छोटेलाल मां के अंतिम संस्कार के लिए आर्यावर्त ग्रामीण बैंक से पैसे निकालने गया। यहां पर कर्मचारियों ने उसे बताया कि वह विड्राल फॉर्म भर कर जमा कर दे उसे पैसे कल दिए जाएंगे। इस पर छोटेलाल ने बैंक कर्मचारियों से मां के अंतिम संस्कार के लिए पैसे देने की बात कही।