कंपकंपाती ठंड में माल क्षेत्र के बाग में मिली लावारिस
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ के माल क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह ससपन पंचायत के मजरा अंबरखेड़ा गांव में दुधमुंही पेड़ से बंधे शॉल के झूले में रोती मिली तो ग्रामीणों के होश उड़ गए। सूचना पाकर आई पुलिस ने चाइल्ड लाइन को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया।
लावारिस बच्ची को बाल कल्याण समिति ने मोतीनगर स्थित लीलावती मुंशी बाल गृह में रखवाया है। समिति की सदस्य सुधारानी का कहना है कि बच्ची स्वस्थ है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार गोस्वामी ने बताया कि सुबह सात बजे अखिलेश सिंह गांव के बाहर स्थित बाग देखने के लिए निकले थे। वह जैसे ही बाग में पहुंचे, बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। अखिलेश ने इधर उधर तलाश की तो पेड़ से बंधे शॉल के झूले में बच्ची देख उनके होश उड़ गए।
कडकड़ाती ठंड से ठिठुर रही बच्ची भूखी ती। आनन- फानन उन्होंने बच्ची को शाल से उतारकर पुलिस को सूचना दी। यूपी 100 सेवा की पीआरवी 2770 पहुंची और बच्ची को थाने ले आई। यहां सिपाही गुड़िया, बाल कल्याण अधिकारी पारुल यादव और रुक्मणी उसे लेकर झलकारीबाई अस्पताल पहुंचीं और जांच कराई।