लखनऊ। हाईकोर्ट के गेट नंबर छह पर चेकिंग के दौरान अमेठी निवासी बाबा अमरदास के बैग से तमंचा और चार कारतूस बरामद किए गए। हाईकोर्ट की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने विभूतिखंड थाने में एफआईआर कराई। इसके बाद बाबा को गिरफ्तार कर लिया गया।
इंस्पेक्टर दीपक के मुताबिक 25 जून को दरोगा अखिलेश पांडेय ड्यूटी चेकिंग अधिकारी के रूप में तैनात थे। गेट पर चेकिंग चल रही थी। इसी बीच अमेठी के बाजार शुक्ल स्थित मकदूम कला निवासी बाबा अमरदास उर्फ बाल भगवान दास प्रवेश की निर्धारित हरी पर्ची के साथ पहुंचे। उनके पास एक थैला था। बाबा के साथ सहयोगी ओमश्री पांडेय भी थे।
स्कैनिंग में थैले के अंदर संदिग्ध वस्तु नजर आई। पुलिस ने बाबा के सामने थैले को खोलकर चेक किया तो उसमें तमंचा और कारतूस मिले। पूछताछ पर अमरदास संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद विभूतिखंड पुलिस को जानकारी दी गई।
बाबा अमरदास की उम्र 30 वर्ष है। वह एक मामले की पैरवी में अधिवक्ता अमिताभ शुक्ला से मिलने आए थे। पुलिस ने अधिवक्ता को जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि अवैध असलहा रखने के आरोप में बाबा अमरदास को गिरफ्तार कर लिया गया है। असलहा कहां से आया, इसके बारे में उन्होंने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। सभी पहलुओं पर छानबीन चल रही है।