अखिलेश यादव बीते दिनों आजम खान से मिलने सीतापुर की जेल गए थे। बाद में यह खबरें आईं कि आजम खान ने अखिलेश से रामपुर सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहा है। अब इस मामले में एक पत्र सामने आया है। आजम खां ने लिखा है कि रामपुर के समाजवादी नेताओं व कार्यकर्ताओं को घोर अत्याचार करके कुचला गया। हमने सोचा था कि रामपुर के इस माहौल को बदलने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिलेश यादव) का रामपुर आना जरूरी है। पिछले दो उपचुनाव में जो कुछ हुआ, उसे कौन भूल सकता है। हम जीवन भर झोली फहलाकर, नवाबों और बाहुबलियों से लड़कर ही यहां तक पहुंचे हैं और आज जो कुछ हमारे साथ हो रहा है वो भी रामपुर के तमाम लोग और पूरी दुनिया देख रही है।
एक ही अधिकारी जिला व मंडल में, चुनाव हराना मकसद
आजम खां इसी पत्र में आगे कहते हैं कि हमने बहुत चुनाव लड़े, जीते भी ओर कभी हार भी देखी लेकिन हौसला कभी नहीं हारा। लेकिन, जब चुनाव, चुनाव ही न रहे तो कुछ सोचना ही पड़ता है। एक ही जिले और मंडल में एक ही अधिकारी चुनाव आयोग के नियमों के विरूद्ध रह रहा है और उद्देश्य केवल ओर केवल चुनाव हराना ही है तो परिस्थितियों को खूब समझा जा सकता है। ऐसे माहौल और हालात में हम वर्तमान चुनाव का बायकाट (बहिष्कार) करते है। रामपुर के वर्तमान चुनाव के बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष ही निर्णय लेंगे।
मतदाताओं को डराने की तैयारी -अजय सागर
उधर, सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर ने कहा कि जिला स्तर पर सपा ने रामपुर सीट से चुनाव का बहिष्कार किया है। इस चुनाव में भी पिछले चुनावों की तरह मतदाताओं को डराने की तैयारी है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रामपुर सीट के लिए जो फैसला करेंगे सभी को मंजूर होगा।
मुरादाबाद से मौजूदा सांसद डॉ. हसन का टिकट कटा
सपा ने मंगलवार को मुरादाबाद से अपने सांसद डॉ. एसटी हसन को प्रत्याशी घोषित किया था। उन्होंने पार्टी के सिंबल पर अपना पर्चा भी भर दिया। लेकिन, ऐन वक्त पर डॉ. एसटी हसन का टिकट काटकर सिंबल बिजनौर की पूर्व विधायक रुचि वीरा को दे दिया है। बताते हैं कि डॉ. एसटी हसन से आजम खां नाराज चल रहे हैं और उन्हीं के कहने पर यह टिकट बदला गया है।
रुचिवीरा के पति उदयन वीरा जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। रुचि वीरा ने अमर उजाला को बताया कि पार्टी ने उन्हें सिंबल दे दिया है और वे बुधवार को अपना पर्चा जारी करेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि सिंबल के संबंधित प्रारूप पर यह भी लिखकर दिया गया है कि पूर्व में घोषित प्रत्याशी एसटी हसन का टिकट बदलकर उन्हें दिया गया है, ताकि आयोग से उन्हें सपा के अधिकृत प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह एलाट हो सके। अखिलेश के नजदीकी सूत्रों ने भी मुरादाबाद से एसटी हसन के टिकट कटने की पुष्टि की है। हालांकि, एसटी हसन से उनके मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो सका।