प्राण प्रतिष्ठा से पहले रामलला के मुख्य दर्शन मार्ग राम जन्मभूमि पथ को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस किया जा रहा है। यहां टायर किलर, बूम बैरियर, सीसीटीवी समेत अन्य उपकरण लगाने का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। ये सुरक्षा उपकरण 31 दिसंबर तक लग जाएंगे। इनका ट्रायल आठ जनवरी से शुरू होगा।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा अभेद्य की जा रही है। यूपी राजकीय निर्माण निगम राम जन्मभूमि पथ पर सुरक्षा उपकरण लगा रहा है। महाप्रबंधक सीके श्रीवास्तव ने अमर उजाला को बताया कि रामजन्मभूमि पथ के प्रवेश द्वार पर अंडर व्हैकिल स्कैनर सिस्टम (यूवीएसएस) लगाया जा चुका है। इसके जरिए इस पथ पर आने वाले वाहन की जांच की जाएगी। रोड के ऊपर एक पैनल लगाया गया है, जैसे ही इस पर से वाहन गुजरेगा, पूरा वाहन स्कैन हो जाएगा। यदि कुछ संदिग्ध वस्तु वाहन में होगी तो तत्काल पता चल जाएगा और बूम बैरियर ऑटोमेटिक रूप से गिर जाएंगे।
यदि वाहन चालक जबरन वाहन के साथ प्रवेश करेगा तो ऑपरेटर टायर किलर का बटन दबाएगा। इस बटन के दबते ही भूमिगत किलर सतह पर आ जाएंगे। वाहन पंचर होने के बाद भी जबरन आगे बढ़ने की कोशिश करेगा तो बोलार्ड का प्रयोग होगा। बटन दबाते ही बोलार्ड ब्रेकर के रूप में सतह से ऊपर उठ जाएगा। इसी तरह के उपकरण राम गुलेला मार्ग, क्रासिंग -11 व वीवीआईपी मार्ग पर भी लगाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त तीर्थयात्री सुविधा केंद्र में सात बैगेज स्कैनर भी लगाने का काम अंतिम चरण में है। इसके ब्लाक का निर्माण हो गया जिसमें सात काउंटर बनाए गये हैं। यहां यात्रियों के सामानों की जांच की जाएगी।
राम जन्मभूमि पथ पर लग रहे 34 सीसीटीवी कैमरे
वहीं दर्शन पथ पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) भी लगाया जा रहा है। राम जन्मभूमि पथ पर 34 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। अब तक 25 कैमरे लग चुके हैं, 31 तक सभी कैमरे लग जाएंगे। राम जन्मभूमि परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां पांच पुलिस कर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। यहां 90 दिन तक की सूचना हमारे पास उपलब्ध रहेगी।