रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ रहा है। 10 दिन के भीतर अयोध्या में 70 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। अयोध्या में भीड़ नियंत्रण के लिए किए गए डायवर्जन के चलते श्रद्धालुओं को पांच से 10 किमी तक पैदल भी चलना पड़ रहा है लेकिन दुश्वारियों पर आस्था भारी पड़ रही है। सुबह चार बजे से ही सरयू तट से लेकर मठ-मंदिरों तक आस्था की धार प्रवाहित होने लगती है। दर्शन-पूजन का सिलसिला रात 11 बजे तक अविराम चलता रहता है। रामलला के दर्शन की अवधि भी बढ़ा दी गई है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर सकें। राममंदिर में रोजाना तीन लाख वहीं हनुमानगढ़ी में पांच लाख श्रद्धालु आस्था अर्पित कर रहे हैं। रामपथ की एक लेन श्रद्धालुओं के लिए आरक्षित कर दी गई है। अयोध्या में उमड़ने वाले श्रद्धालुओं में देश के लगभग हर राज्य के श्रद्धालु होते हैं तो विदेशी श्रद्धालु भी सरयू में डुबकी लगाकर रामलला के दर्शन को पहुंच रहे हैं।