लखनऊ। सरोजनीनगर में आपसी वाद-विवाद के दौरान एक युवक ने महिला बैंक मैनेजर के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से महिला बुरी तरह से घायल हो गई। राहगीरों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे सीएचसी पहुंचाया जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं घायल बैंक मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज क र लिया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर महेंद्र सिंह के मुताबिक, एलडीए कॉलोनी की रहने वाली राधा सिंह, बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को उनके घर के पास रहने वाले संतोष शर्मा से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर संतोष ने कुल्हाड़ी लाकर राधा के सिर पर हमला कर दिया। विवाद होता देख आसपास के लोगों ने किसी तरह से मामला शांत कराया। पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद राधा सिंह को सरोजनीनगर सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं संतोष की पत्नी नीतू शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके पति की दिमागी हालत काफी दिनों से खराब चल रही है और इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी संतोष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।