बेसिक शिक्षा परिषद ने सहायक अध्यापकों के अंतर्जनपदीय तबादलों के लिए रिक्त पदों का ब्योरा वेबसाइट पर जारी कर दिया है। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के लिए तबादले के अवसर काफी कम है। प्रधानाध्यापकों के अंतर्जनपदीय तबादले के लिए 453 और सहायक अध्यापकों के तबादले के लिए 27,643 पद रिक्त हैं।
प्रधानाध्यापकों के लिए अलीगढ़ में 11, लखीमपुर में 90, झांसी में 106, बलरामपुर में 18, बहराइच में 84, बिजनौर में 5, इटावा में 139 पद रिक्त हैं। शेष जिलों में एक भी पद रिक्त नहीं है। उच्च प्राथमिक स्कूलों में प्रधानाध्यापकों के 816 और सहायक अध्यापक के 14,014 पद रिक्त हैं। 30 जिलों में उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक का कोई पद रिक्त नहीं है।
प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापकों के लिए बागपत और बाराबंकी में एक भी पद रिक्त नहीं है। गाजियाबाद में मात्र 18, वाराणसी में 31 और चित्रकूट में 45 पद खाली हैं। उच्च प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापकों के लिए बाराबंकी में एक भी पद खाली नहीं है।
प्रयागराज में 9, लखनऊ में 18, बागपत में 21, कन्नौज में 21, चित्रकूट में 31 और गाजियाबाद में 41 पद खाली हैं।