उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दूसरे दिन रविवार को प्रदेश भर से 28 सॉल्वर पकड़े गए। सबसे ज्यादा चार नकलची गाजियाबाद से पकड़े गए।
सॉल्वर गैंग पर रविवार को भी एसटीएफ की पैनी नजर रही। परीक्षा केंद्रों पर आयोग द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित फेशियल रिकग्निशन सॉफ्टवेयर के माध्यम से कुल 28 (प्रथम पाली में 14, द्वितीय में 13) फर्जी अभ्यर्थियों को चिह्नित कर पकड़ा गया। इसी तरह शनिवार को सॉल्वर गैंग के सरगना, परीक्षा नियंत्रक समेत कुल 40 लोगों को पकड़ा गया था।
ये भी पढ़ें - जानिए कैसे पहुंचेंगे इकाना स्टेडियम, कहां होगी पार्किंग, किन रूटों पर रहेगी नो एंट्री
ये भी पढ़ें - सोशल मीडिया से इस तरह से बिक रहे हैं फर्जी टिकट, दलाल काउंटर पर आजमा रहे हैं ये ट्रिक
कानपुर से जालसाज गिरफ्तार
कानपुर नगर में अरविंद कुमार यादव को पकड़ा गया, जो शनिवार की प्रथम पाली में अरविंद कुमार के नाम से परीक्षा दे चुका था।
इन जिलों से पकड़े गए
अलीगढ़, आजमगढ़, बांदा, देवरिया, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हरदोई, जालौन, कानपुर नगर, लखनऊ, मथुरा, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, उन्नाव और वाराणसी से सॉल्वर पकड़े गए।
- इनमें रायबरेली से जितेंद्र यादव और दीपू कुमार, सुल्तानपुर से आयुष यादव और अयोध्या से जसवीर कुमार को दूसरों की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया।
- आयोग के मुताबिक रविवार को परीक्षा में 62.9 फीसदी अभ्यर्थी शामिल हुए।
रायबरेली में पकड़े गए दो मुन्ना भाई
रायबरेली के नगर क्षेत्र के केंद्रों पर दो मुन्नाभाई पकड़े गए। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रथम पाली में परीक्षा केंद्र फिरोज गांधी कॉलेज में जौनपुर का रहने वाला जितेंद्र प्रताप यादव अपने रिश्तेदार अभिषेक यादव की जगह पर परीक्षा दे रहा था। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की सूचना पर मुन्नाभाई को पकड़ा गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे पकड़कर कोतवाली ले गई और पूछताछ कर रही है।
उधर, फिरोज गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में बिहार प्रांत के नालंदा जिले के सरमेरा गांव निवासी दीपू कुमार को पकड़ा गया। यह जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के सरायं पदरी गांव निवासी प्रमोद के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। मिल एरिया पुलिस दीपू को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि दीपू अपने दोस्त प्रमोद के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पीईटी की परीक्षा में दो मुन्नाभाई पकड़े गए हैं। थानों में तहरीर दी गई है। एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।