लखनऊ। परिवहन निगम अनुबंध के आधार पर महिला परिचालकों की भर्ती के लिए एक अप्रैल को फिर रोजगार मेला लगाएगा। इससे पहले तीन बार मेला लगाया जा चुका है। इस बार मेला लखनऊ, नोएडा, आगरा, मुरादाबाद और गोरखपुर में लगेगा। इसको लेकर प्रधान प्रबंधक (कार्मिक) अंकुर विकास ने निर्देश भी जारी कर दिया है।
इस भर्ती मेले में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और एनसीसी, एनएसएस और स्काउट गाइड की प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को मौका दिया जाएगा। परिवहन निगम के आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन चरणों में आयोजित रोजगार मेलों से प्रदेश में 2,584 महिलाएं अनुबंध के आधार पर परिचालक पद पर सेवाएं दे रही हैं।