लखनऊ में सृजन विहार कॉलोनी के बाशिंदों की मुश्किलें जल्द ही दूर होने वाली हैं। यहां के लोगों को मुख्य शहर का सीधा रास्ता देने वाली अंबेडकर स्मारक की बाहरी दीवार अगले सप्ताह ध्वस्त कर दी जाएगी।
सामाजिक परिवर्तन स्थल के वाह्य क्षेत्र की इस दीवार को ध्वस्त करने का हाईकोर्ट ने आदेश दिया था। इस आदेश पर सुप्रीम कोर्ट में स्टे था, वह भी खत्म हो चुका है। इस दीवार को गिराकर रास्ता खोलने के संबंध में बृहस्पतिवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और राज्य सेतु निर्माण निगम के बीच फैसला हो गया। सेतु निर्माण निगम के अधिकारियों ने अगले सप्ताह दीवार गिराने की बात कही है।
सुप्रीम कोर्ट में स्टे निरस्त हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन एलडीए और सेतु निगम के बीच खींचतान के चलते भागीदारी भवन रोड की दीवार गिराने का काम अब तक शुरू नहीं हो सका था।